​रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ को प्रेम, त्याग, संघर्ष और भारतीय लोकतांत्रिक मूल्यों की एक प्रेरक जीवनगाथा बताया है। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक महज एक राजनीतिक संस्मरण नहीं, बल्कि इस बात का प्रमाण है कि भारतीयता किसी व्यक्ति के जन्मस्थान से नहीं, बल्कि देश की संस्कृति, विविधता और यहां के लोगों के प्रति उसके समर्पण से निर्मित होती है।

श्री कमलेश ने कहा कि इटली के एक छोटे से कस्बे में जन्मी सोनिया गांधी का भारत आकर यहां की संस्कृति को आत्मसात करना और देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी का नेतृत्व संभालना एक असाधारण यात्रा है। राजीव गांधी के प्रति प्रेम, इंदिरा गांधी से आत्मीय संबंध और राजीव गांधी की असामयिक हत्या जैसी बड़ी व्यक्तिगत त्रासदी के बावजूद सार्वजनिक जीवन में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना उनके धैर्य और साहस को दर्शाता है।

वर्ष 2004 के राजनीतिक घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) की जीत के बाद प्रधानमंत्री बनने का अवसर होने के बावजूद उन्होंने डॉ. मनमोहन सिंह को यह जिम्मेदारी सौंपी। उनका यह ऐतिहासिक निर्णय बताता है कि राजनीति में नेतृत्व की पहचान सत्ता और पद से नहीं, बल्कि सिद्धांत, त्याग और व्यापक जनहित से होती है।

केशव महतो कमलेश ने कहा कि इस पुस्तक में लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, नागरिक स्वतंत्रता और संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता पर गंभीर चिंतन किया गया है। उन्होंने महात्मा गांधी, पंडित नेहरू, मौलाना आजाद, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की विचारधारा का जिक्र करते हुए कहा कि भारत की असली ताकत उसकी बहुलतावादी संस्कृति में है और यह सभी धर्मों, जातियों व भाषाओं का साझा देश है।

वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि आज संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता, चुनाव आयोग की विश्वसनीयता, मीडिया की स्वतंत्रता, न्यायपालिका की स्वायत्तता और विपक्ष की भूमिका महत्वपूर्ण सवाल हैं। लोकतंत्र केवल चुनाव कराने की व्यवस्था नहीं, बल्कि नागरिक अधिकारों की सुरक्षा और संविधान की मूल भावना को बनाए रखने की सतत प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक राजनीति में असहमति का उत्तर दबाव या भय के बजाय तर्क और संवाद से दिया जाना चाहिए, और कांग्रेस पार्टी संविधान की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।