रांची।चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ आज 'नहाय-खाय' के पवित्र अनुष्ठान के साथ आरंभ हो गया है। इस पर्व को लेकर राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में श्रद्धा, उल्लास और अनुशासन का अनूठा माहौल देखने को मिल रहा है।
छठ महापर्व में 'नहाय-खाय' की परंपरा का विशेष महत्व है, जो आत्मिक और शारीरिक शुद्धि का प्रतीक है। इस दिन व्रती नदी या पवित्र जलाशयों में स्नान कर तन और मन को पूर्ण रूप से निर्मल करते हैं। इसके बाद वे अपने घर और आसपास के परिसर की गहन साफ-सफाई करते हैं।
परंपरा के अनुसार, इस दिन पूरी सात्विकता और पवित्रता के साथ भोजन तैयार किया जाता है, जिसमें मुख्य रूप से अरवा चावल, चने की दाल और लौकी की सब्जी शामिल होती है। व्रती इसे प्रसाद रूप में ग्रहण कर कठिन अनुशासन वाले इस 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत करते हैं। लौकी को आयुर्वेद और धार्मिक दृष्टिकोण से बेहद शुद्ध और पाचक माना गया है, जो शरीर को अगले तीन दिनों के कठिन उपवास के लिए तैयार करती है।
14 नवंबर (खरना): नहाय-खाय के अगले दिन खरना का अनुष्ठान होगा। इस दिन व्रती पूरे दिन का उपवास रखेंगे और शाम को सूर्य की पूजा के बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार कर ग्रहण करेंगे। इसके साथ ही व्रतियों का कठिन निर्जला उपवास आरंभ हो जाएगा।
15 नवंबर (पहला अर्घ्य): व्रती अपने परिवार के साथ नदी, तालाब या छठ घाटों पर पहुंचेंगे। बांस के सूप और दउरा में ठेकुआ, फल और अन्य प्रसाद सजाकर डूबते हुए सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इस दिन सूर्यास्त का समय शाम 5:28 बजे निर्धारित है।
16 नवंबर (दूसरा अर्घ्य और पारण): महापर्व के अंतिम दिन सुबह उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य दिया जाएगा। इस दिन सूर्योदय का समय सुबह 6:44 बजे निर्धारित है। अर्घ्य देने के पश्चात व्रती भगवान सूर्य और छठी मैया का आशीर्वाद लेकर पारण करेंगे, जिसके साथ ही चार दिवसीय इस कठिन अनुष्ठान का समापन हो जाएगा।
छठ पूजा के बाजारों पर महंगाई की मार, सूप से लेकर फल और गन्ने तक के दाम बढ़े, फिर भी आस्था में नहीं आई कोई कमी
रांची। लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों के बीच राजधानी रांची के बाजारों में रौनक तो है, लेकिन महंगाई ने छठव्रतियों का बजट बिगाड़ दिया है। सूप-दौरे से लेकर फल, गन्ना, आम की लकड़ी और मिट्टी के बर्तनों तक की कीमतों में उछाल देखा जा रहा है। इसके बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह और आस्था में कोई कमी नहीं दिख रही है, हालांकि लोग अब जरूरत के हिसाब से ही खरीदारी कर रहे हैं।
छठ पूजा में केले की कांदी और गन्ने का विशेष महत्व होता है, लेकिन इस बार दोनों की कीमतों ने लोगों को चौंका दिया है। बाजार में केले की एक कांदी 800 से 1000 रुपये तक बिक रही है, जबकि सेब का एक डिब्बा 1000 रुपये तक पहुंच गया है। वहीं, पिछले साल 20 से 30 रुपये में बिकने वाला गन्ना इस बार 50 रुपये प्रति पीस बिक रहा है। गन्ना विक्रेताओं का कहना है कि अत्यधिक बारिश के कारण फसल को नुकसान हुआ है, जिससे उन्हें खुद 46 से 47 रुपये प्रति पीस की दर से गन्ना खरीदना पड़ रहा है। इसी तरह, पहले 30 रुपये में मिलने वाला नारियल और डंभा भी अब 40 से 50 रुपये प्रति पीस बिक रहा है।
घाट तक अर्घ्य का सामान ले जाने के लिए इस्तेमाल होने वाले सूप की कीमत 60 रुपये से बढ़कर 100 से 120 रुपये तक पहुंच गई है। छठव्रतियों का कहना है कि दाम बढ़ने के बावजूद परंपरा के कारण इसकी खरीदारी अनिवार्य है। इसके अलावा सिंदूर 100 से 150 रुपये तक बिक रहा है। खरना का खीर और ठेकुआ बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाली आम की लकड़ी के दाम भी बढ़े हैं। बाजार में 14 किलो लकड़ी का बंडल 200 से 240 रुपये तक मिल रहा है। विक्रेताओं के अनुसार, लकड़ी में नमी होने के कारण इसकी कीमतों में इजाफा हुआ है।
महापर्व में मिट्टी के चूल्हे और बर्तनों का भी खास महत्व है। बाजार में मिट्टी का चूल्हा और हाथी-कलश (कोसी) 250 से 300 रुपये में बिक रहे हैं। इसके अलावा दीया 100 से 150 रुपये प्रति सैकड़ा और ढकनी 30 से 50 रुपये तक मिल रही है। कुम्हार पंकी देवी बताती हैं कि छठ घाट पर हाथी-कलश में दीप जलाने के बाद इसे घर लाकर सुरक्षित रखा जाता है, जिसका उपयोग बाद में बेटी की शादी के समय मड़वा पूजा में भी होता है।
व्यापारियों का कहना है कि बारिश और बढ़ी लागत के कारण इस बार बाजार में खरीदारी थोड़ी प्रभावित हुई है। हालांकि, छठव्रतियों का मानना है कि महंगाई के कारण सामान की मात्रा भले ही कम हो जाए, लेकिन महापर्व की परंपरा और श्रद्धा पूरी निष्ठा के साथ निभाई जाएगी।
