रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की सीएसआर (कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व) परियोजना में 1.14 करोड़ रुपये के चिकित्सा उपकरणों और वाहनों के गबन व धोखाधड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। चतरा जिले के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए खरीदे गए ये उपकरण भौतिक सत्यापन के दौरान पूरी तरह गायब मिले। इस मामले में सीसीएल के महाप्रबंधक (सीएसआर) सिद्धार्थ शंकर लाल ने कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। एफआईआर में मुंबई स्थित 'आरके एचआइवी-एड्स रिसर्च एंड केयर सेंटर' के अध्यक्ष सह प्रबंध न्यासी डॉ. धर्मेंद्र कुमार सिंह और अन्य को आरोपी बनाया गया है।

सीसीएल ने चतरा जिले में दो मोबाइल मेडिकल यूनिट के संचालन के लिए 15 मई 2025 को संबंधित एजेंसी के साथ एमओयू किया था। इस पूरी परियोजना की कुल लागत 1.84 करोड़ रुपये निर्धारित की गई थी, जिसके तहत सीसीएल ने पहली किस्त के रूप में 1,14,10,400 रुपये की राशि एजेंसी को जारी कर दी थी।

जब सीसीएल की ओर से परियोजना का भौतिक सत्यापन कराया गया, तो वहां स्थिति बेहद चौंकाने वाली मिली। उद्घाटन के समय दिखाए गए दोनों वाहन, डिजिटल मोबाइल एक्स-रे मशीन, 3-डी थर्मल इमेजिंग कैमरा और माइक्रोटेक सिस्टम मौके से गायब थे। इसके अलावा, करीब 70.80 लाख रुपये की लागत वाली पोर्टेबल एक्स-रे मशीन का भी कोई अता-पता नहीं चला।

उपकरणों और वाहनों के इस तरह गायब मिलने पर सीसीएल प्रबंधन ने एजेंसी से कड़ा स्पष्टीकरण मांगा और सभी सामानों को तुरंत वापस करने का निर्देश दिया। हालांकि, एजेंसी की ओर से कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया और उपकरणों की वापसी को लेकर लगातार टालमटोल की जाती रही।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीसीएल ने 26 अक्टूबर 2026 को संबंधित एजेंसी के साथ हुआ एमओयू रद्द कर दिया। इसके बावजूद जब वाहन और उपकरण वापस नहीं लौटाए गए, तब सीसीएल प्रबंधन ने कानूनी शिकंजा कसते हुए कोतवाली थाने में आधिकारिक प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस अब मामले की जांच में जुट गई है।