हजारीबाग। कटकमदाग थाना क्षेत्र से लापता हुए 16 वर्षीय किशोर दिव्यांशु कुमार को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर नवादा से सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस की तत्परता से किशोर को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, दिव्यांशु कुमार, पिता महेश साव, निवासी रेवाली, थाना कटकमदाग, जिला हजारीबाग, 11 नवंबर 2026 को बिना बताए घर से कहीं चला गया था। काफी खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने 12 नवंबर को कटकमदाग थाना पहुंचकर गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई। पुलिस ने सनहा दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी और अन्य माध्यमों से किशोर की तलाश तेज की। लगातार प्रयास के बाद पुलिस को किशोर के नवादा में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित बरामद कर लिया।

किशोर के सकुशल बरामद होने की सूचना मिलते ही परिजनों ने राहत की सांस ली। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने दिव्यांशु कुमार को उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से महज 24 घंटे के भीतर किशोर की सकुशल बरामदगी संभव हो सकी।