​रांची। भोपाल (मध्य प्रदेश) में 19 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाली आगामी महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए हॉकी इंडिया ने भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी है। इस प्रतियोगिता में भारतीय टीम की कमान झारखंड की स्टार खिलाड़ी सलीमा टेटे को सौंपी गई है।

​घोषित टीम में झारखंड की तीन प्रमुख खिलाड़ियों ने अपनी जगह पक्की कर राज्य का नाम रोशन किया है। कप्तान सलीमा टेटे मिडफील्डर के रूप में खेलेंगी, जबकि खूंटी की अनुभवी खिलाड़ी निक्की प्रधान को डिफेंडर और ब्यूटी डुंगडुंग को फॉरवर्ड के तौर पर टीम में शामिल किया गया है।

हॉकी झारखंड ने तीनों खिलाड़ियों के चयन पर खुशी जताते हुए इसे राज्य के लिए ऐतिहासिक और गर्व का क्षण बताया है। सिमडेगा जिले की सलीमा टेटे और ब्यूटी डुंगडुंग ने अपनी प्रतिभा के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान बनाई है। वहीं, झारखंड की ओर से सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कराने वाली निक्की प्रधान लंबे समय से भारतीय रक्षा पंक्ति की मजबूत स्तंभ रही हैं।

हाल ही में जापान में आयोजित एशियन गेम्स में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने के बाद भारतीय महिला टीम पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में उतरेगी। गृह मैदान भोपाल में आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता में भारतीय टीम अपने चैंपियन के खिताब की रक्षा करने और जीत के सिलसिले को बरकरार रखने के इरादे से मैदान में उतरेगी।