चंद्रपुरा। स्थानीय एसटीएमएम अस्पताल में दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) और अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को टीबी जागरूकता एवं मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डीवीसी के चेयरमैन राजेश पांडेय और उपायुक्त अजय नाथ झा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने अस्पताल परिसर में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यक्ष्मा (टीबी) केंद्र का उद्घाटन किया और टीबी मरीजों के बीच पोषण आहार किट का वितरण किया।

डीवीसी चेयरमैन राजेश पांडेय ने कहा कि संस्थान सीएसआर के तहत स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत संरचना के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने चंद्रपुरा में 800 मेगावाट की दो नई विद्युत इकाइयों (कुल 1600 मेगावाट) की स्थापना की योजना की जानकारी दी, जिससे लगभग 20 हजार करोड़ रुपये के निवेश और रोजगार के नए अवसर मिलने की संभावना है।

उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि नियमित दवा, पौष्टिक आहार और चिकित्सकीय निगरानी से टीबी को पूरी तरह हराया जा सकता है। उन्होंने मरीजों से उपचार बीच में न छोड़ने की अपील की।

उपायुक्त ने चंद्रपुरा में राष्ट्रीय स्तर का नाट्य महोत्सव आयोजित करने तथा ऑडिटोरियम व रिक्रिएशन सेंटर विकसित करने का प्रस्ताव रखा, जिस पर चेयरमैन ने सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। इसके अलावा आईटीआई केंद्र को विश्वस्तरीय बनाने और युवाओं को कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान डीवीसी-सीटीपीएस के परियोजना प्रधान आर. के. अनुभावी ने सीएसआर के तहत चलाए जा रहे विभिन्न जनहित कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, डीवीसी के वरिष्ठ पदाधिकारी, चिकित्सक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।