कोडरमा। कोडरमा घाटी के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बंदरचुवां के पास 'नौवां माइल' के नजदीक शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर आगे चल रहे दूसरे ट्रक से जा टकराई और उसके पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गई। इस भयानक भिड़ंत में स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे की चपेट में आने से सड़क किनारे खड़ी एक मैजिक गाड़ी भी अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई, हालांकि उसमें सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए।

दुर्घटना में स्कॉर्पियो सवार एक ही परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों की पहचान मोहन भगत (पिता), अरविंद भगत (पुत्र), शिवांश राज (7 वर्षीय पोता) और आशिका कुमारी (पोती) के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार यह परिवार चाईबासा से अपनी स्कॉर्पियो से बिहार के मधेपुरा जा रहा था। वे आगामी छठ महापर्व मनाने के लिए अपने पैतृक घर लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हो गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने त्वरित सूझबूझ दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो से बाहर निकाला और निजी वाहनों की मदद से सदर अस्पताल, कोडरमा भेजा। वर्तमान में सभी घायलों का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने हादसे में शामिल सभी चारों वाहनों (दो ट्रक, एक स्कॉर्पियो और एक मैजिक गाड़ी) को जब्त कर लिया है तथा फरार ट्रक चालकों की तलाश व मामले की पूछताछ में जुट गई है।