हजारीबाग। शहर के बड़ा बाजार थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी हुई 6 मोटरसाइकील बरामद की है और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को एसपी हजारीबाग को गुप्त सूचना मिली थी कि करमैल चौक के पास एक गैराज में चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में बड़ा बाजार के थाना प्रभारी एवं पुलिसकर्मियों की टीम गठित कर छापेमारी की गई। टीम ने छापेमारी कर गैराज से छह मोटरसाइकिलें बरामद की। जिसमें पांच स्प्लेंडर और एक पल्सर शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजिक इमाम (34), पिता स्व. रफीकुद्दीन, निवासी रेलवे स्टेशन के निकट, कटकमदाग, तथा मोहम्मद इरफान (27), पिता रियाज, निवासी पसई, लोहसिंघना थाना क्षेत्र, हजारीबाग के रूप में हुई है। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि संदीप साव नामक व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिलें उपलब्ध कराता था, जिन्हें वे कम कीमत पर बेचते थे। वाहनों के कागजात के साथ फर्जी स्लिप देकर नाम ट्रांसफर कराने का प्रयास भी किया जाता था। पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।