खूंटी। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती सह राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर झारखंड प्रदेश भाजपा द्वारा शुक्रवार को उनकी जन्मस्थली उलिहातू (बिरसा ओड़ा) से एक भव्य पदयात्रा की शुरुआत की गई।
यह पदयात्रा भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान, विचारों और जनजातीय समाज के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली गई है। इसके साथ ही, इसके माध्यम से केंद्र सरकार द्वारा जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जा रही है। पदयात्रा के पहले दिन देर शाम खूंटी भाजपा कार्यालय पहुंचीच
14 नवंबर को पदयात्रा खूंटी से रांची के लिए रवाना होगी, जहां रात्रि विश्राम तय है।15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर कोकर स्थित उनकी समाधि स्थल पर पुष्पर्पित कर श्रद्धांजलि दी जाएगी।
बता दें कि भाजपा इस वर्ष 11 से 18 नवंबर तक देश के आदिवासी बहुल संसदीय और विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है।
पदयात्रा के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सदन में देश के भविष्य और प्राथमिकताओं पर सार्थक चर्चा करने के बजाय अनर्गल बयानबाजी करती है। सत्ता से दूर होने की निराशा उनके नेताओं के बयानों में स्पष्ट झलकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि गैर-जिम्मेदाराना तरीके से बयान देने से जनता के बीच उनकी बातों का महत्व घट गया है और उनका एकमात्र उद्देश्य जनता को दिग्भ्रमित करना रह गया है।
पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने कांग्रेस और उसकी सहयोगी सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की आजादी के इतने वर्षों बाद भी लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद उन्होंने झारखंड के वीर शहीदों को उचित सम्मान नहीं दिया।
नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार आने के बाद ही जनजातीय समाज के महापुरुषों और शहीदों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और सम्मान मिला है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को 'राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस' के रूप में मनाना इसी दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
इस पदयात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, मधु कोड़ा, पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, नीरा मुंडा, सांसद गीता कोड़ा, झारखंड एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र बड़ाईक, पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर, रामकुमार पाहन, समीर उरांव, आरती कुजूर, पवन साय, जगन्नाथ मुंडा, भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद कुमार, संजय मुंडा, रानी टुटी, अनुप साहू, रीता मुंडा और रूपेश जायसवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल है।
