​रांची। एचईसी प्रबंधन द्वारा जारी नोटिस और नगर निगम के हालिया अनाउंसमेंट के खिलाफ बस्ती वासियों का गुस्सा फूट पड़ा है। शनिवार को 'बस्ती बचाओ संघर्ष समिति' के बैनर तले हजारों की संख्या में स्थानीय लोगों ने एचईसी मुख्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।

​शहीद मैदान से निकला यह प्रदर्शन जुलूस एचईसी मुख्यालय की ओर बढ़ा। इस दौरान प्रदर्शनकारी "10-लेन सड़क और सुंदरीकरण के नाम पर बस्ती उजाड़ना बंद करो", "गरीबों से रोजगार छीनना बंद करो" और "बच्चों से शिक्षा छीनना बंद करो" जैसे गगनभेदी नारे लगा रहे थे।

प्रदर्शनकारियों के मुख्यालय के समीप पहुंचते ही हटिया डीएसपी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जुलूस को रोक दिया। पुलिस प्रशासन की पहल पर संघर्ष समिति का एक प्रतिनिधिमंडल एचईसी प्रबंधन से वार्ता के लिए अंदर गया। समिति के संयोजक मिंटू पासवान के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एचईसी के कार्मिक निदेशक से मुलाकात कर अपनी मांगों का एक ज्ञापन सौंपा। मांग पत्र के जरिए 7 सितंबर को जारी नोटिस को तत्काल वापस लेने और आम जनता को प्रताड़ित न करने की मांग की गई है। प्रतिनिधिमंडल में ऋतु खलखो, हीरामणि देवी, सुषमा देवी, प्रवीण सिंह और राजन पाठक शामिल थे।

प्रदर्शन स्थल पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मिंटू पासवान ने कहा कि एचईसी प्रबंधन को बस्तियों को उजाड़ने के बजाय अपने गिरते उत्पादन को सुधारने और कर्मचारियों के बकाया वेतन का भुगतान करने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रबंधन अपनी जनविरोधी नीतियों से पीछे नहीं हटता, तो आने वाले दिनों में और भी बड़ा आंदोलन होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी एचईसी प्रबंधन और राज्य सरकार की होगी।

​सभा को महिला नेत्री सनोका महतो, छात्र नेता जूलियस फ्यूचिक, सोहन महतो, रिंकी कुमारी, निली, विनोद लोहार, अनूप सिंह, बिरसा उरांव, मोनू, रवि साहू, ललन सिंह, हरेंद्र सिंह, संगीता, बिमला देवी और रेखा देवी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन समिति के वरिष्ठ सदस्य दिलीप कुमार ने किया।

​13 सितंबर को अगली रणनीति पर होगी बैठक

आंदोलन की आगे की रूपरेखा तैयार करने के लिए संघर्ष समिति ने 13 सितंबर को दोपहर 1:00 बजे जगन्नाथपुर स्थित शिव मंदिर के पास 'टुड़ी बाबा आश्रम' में एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है।