रांची।लोक आस्था, पवित्रता, त्याग, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक चार दिवसीय छठ महापर्व 13 नवंबर से ‘नहाय-खाय’ के साथ आरंभ होगा। भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना का यह महान पर्व 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न होगा। इस महापर्व को लेकर राजधानी रांची में जबरदस्त उल्लास देखा जा रहा है।
जिला प्रशासन, रांची नगर निगम और विभिन्न पूजा समितियों द्वारा महापर्व की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है:
रांची में लगभग 74 मुख्य छठ घाट चिह्नित किए गए हैं।व्रतियों की सुविधा के लिए 100 से अधिक कृत्रिम तालाबों का निर्माण किया जा रहा है।
निगम द्वारा लगभग 1,600 सफाई कर्मियों को तैनात किया गया है।
श्रद्धालुओं के लिए 500 से अधिक अस्थायी चेंजिंग रूम और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जा रही है।सुरक्षा के मद्देनजर करीब 2,000 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं, साथ ही 400 से अधिक हिस्ट्रीशीटरों की सूची तैयार कर पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर है।
बाजारों में पारंपरिक रौनक
बाजारों में सूप, दौरा और बांस की टोकरियों की खरीदारी जोरों पर है। रांची से सटे ग्रामीण इलाकों में पारंपरिक कारीगरों द्वारा सूप-दौरा बनाने का काम तेजी से चल रहा है। प्रसाद और चूल्हा बनाने के लिए आम की लकड़ी तथा अन्य पूजन सामग्रियों की बिक्री भी शुरू हो चुकी है।
परिवहन साधनों में भारी भीड़ और बढ़ा किराया
रेलवे स्टेशन: रांची रेल मंडल के अनुसार, हटिया और रांची रेलवे स्टेशन से 60 से अधिक ट्रेनें चलती हैं। दीपावली और छठ को देखते हुए दो दर्जन से अधिक स्पेशल गाड़ियां चलाई जा रही हैं। सामान्य दिनों में 50-60 हजार रहने वाला यात्रियों का यह आंकड़ा अब 70 हजार से अधिक पहुंच चुका है। भीड़ प्रबंधन के लिए आरपीएफ की विशेष मदद ली जा रही है।
बस स्टैंड: कांटाटोली स्थित बिरसा मुंडा बस टर्मिनल से प्रतिदिन 500 से अधिक गाड़ियां विभिन्न राज्यों के लिए रवाना हो रही हैं। ट्रेनों में जगह न मिलने के कारण लोग दोगुना-तिगुना भाड़ा चुकाने को तैयार हैं। दरभंगा, मुजफ्फरपुर और छपरा के लिए यात्री 500-700 रुपये की बजाय 5,000 रुपये तक खर्च करने को विवश हैं। कई लोग ट्रैवल एजेंसियों से कारों का भी प्रबंध कर रहे हैं।
हवाई किराया: रांची एयरपोर्ट से रोजाना 5,000 से अधिक यात्री सफर करते हैं। छठ को लेकर हवाई किराया तीन से चार गुना तक बढ़ गया है। रांची से पटना का किराया जो सामान्य दिनों में 4,000 रुपये तक होता था, वह अब 12,000 रुपये तक पहुंच गया है। इसके अलावा, बेंगलुरु से रांची का एक तरफ का किराया 30,000 रुपये से अधिक और मुंबई से रांची का किराया 26,000 रुपये से अधिक हो गया है।
उपायुक्त ने किया विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण

रांची। छठ महापर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने शहर के हातमा, कांके डैम, बड़ा तालाब, अरगोड़ा, धुर्वा, चुटिया समेत विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कई प्रमुख निर्देश दिए।श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पानी में 3 फीट की गहराई के बाद घेराबंदी करने और खतरनाक स्थानों पर चेतावनी संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।संवेदनशील घाटों पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें, गोताखोर व आपातकालीन बचाव दल तैनात रहेंगे। समितियों को गोताखोरों के संपर्क नंबर साझा करने को कहा गया है।एप्रोच रोड को डस्ट डालकर समतल करने, सफाई, पर्याप्त प्रकाश, बिजली की सुरक्षित व्यवस्था और फिसलन वाले स्थानों को सुरक्षित करने पर जोर दिया गया है।
नगर निगम क्षेत्र के बाहर स्थित घाटों पर भी संबंधित अधिकारियों को पूजा समितियों के समन्वय से सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान यातायात व नगर पुलिस अधीक्षक, सदर एसडीएम, अपर जिला दण्डाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं पूजा समितियों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
