गिरिडीह। झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी द्वारा लगाए गए आरोपों पर जोरदार पलटवार किया है। गिरिडीह में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मरांडी ने आरोप लगाया कि 2014 में सत्ता से बाहर होने के बाद से ही कांग्रेस और विपक्षी दल देश में अराजकता फैलाने और मोदी सरकार को बदनाम करने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं।
मरांडी ने कहा कि कभी ईवीएम, कभी राफेल, तो कभी फोन टैपिंग के बाद अब 'वोट चोरी' का आधारहीन और तथ्यहीन आरोप लगाया जा रहा है, जिस पर देश की जनता कभी विश्वास नहीं करती। हाल ही में एक अखबार की खबर के आधार पर किए जा रहे हंगामे पर उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा सर्वसम्मति से निर्णय लेने के आधिकारिक बयान के बाद पूरी 'इंडी गठबंधन' औंधे मुंह गिर गई है।
राहुल गांधी के बयानों और गतिविधियों पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस को सलाह दी कि वे अपने नेता की चिंता करें और किसी अच्छे अस्पताल में उनका इलाज कराएं, वरना 2029 तक वे कांग्रेस और पूरे गठबंधन को डुबो देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी कभी देश के विकास के साथ नहीं खड़े होते और लगातार भारत की छवि धूमिल करने का काम करते हैं।
