बोकारो। प्रबंधन प्रशिक्षण संस्थान (एमटीआई), रांची में 22-23 जुलाई को आयोजित तृतीय सेल एचआर कॉन्क्लेव में बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) की मानव संसाधन (एचआर) टीम ने अंतर-इकाई प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया।

बियोंड पॉलिसीज: एचआर एज द आर्किटेक्ट ऑफ परफॉर्मेंस कल्चर विषय पर आयोजित दो दिवसीय कॉन्क्लेव का उद्देश्य संगठन में उच्च प्रदर्शन वाली कार्यसंस्कृति के निर्माण में मानव संसाधन की भूमिका को रेखांकित करना था। कार्यक्रम में सेल के वरिष्ठ अधिकारियों ने संगठनात्मक विकास और प्रदर्शन-आधारित संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

प्रतियोगिता में बीएसएल का प्रतिनिधित्व महाप्रबंधक (मानव संसाधन) एच. शेखर, सहायक महाप्रबंधक शिप्रा हेम्ब्रम और वरीय प्रबंधक सुष्मिता सोरेन की टीम ने किया। टीम ने बीएसएल में लागू जन-केंद्रित एचआर पहलों और कार्यसंस्कृति में आए सकारात्मक बदलावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर यह उपलब्धि हासिल की। यह सफलता बीएसएल की मानव संसाधन टीम के समर्पण और कर्मचारियों के सशक्तिकरण, कार्यकुशलता तथा उत्कृष्ट संगठनात्मक संस्कृति विकसित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का प्रमाण मानी जा रही है।