​रांची। पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले से चोरी हुआ डालडा (पाम ऑयल) लदा एक ट्रक रांची जिले के चान्हो थाना क्षेत्र स्थित ओपा गांव से बरामद किया गया है। मामले की जांच के सिलसिले में रांची पहुंची पश्चिम बंगाल पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से छापेमारी कर चंदन गुप्ता नामक युवक को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।

​पुलिस के अनुसार, बरामद ट्रक में भारी मात्रा में खाद्य तेल लदा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इस चोरी के तेल को दीपावली और छठ पर्व के दौरान बाजारों में खपाने की तैयारी थी। त्योहारों के मौसम में होटल, दुकानों और घरों में खाद्य तेल की मांग बढ़ने के कारण इसे विभिन्न इलाकों में खपाने की योजना बनाई गई थी।

अक्टूबर 2026 में पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले के हल्दिया क्षेत्र में खाद्य तेल चोरी का यह मामला सामने आया था। इस संबंध में दुर्गाचक थाने में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हल्दिया से नेपाल भेजे जा रहे एक तेल टैंकर को रास्ते में हाईजैक कर लिया गया था।

​आरोप है कि टैंकर से करीब 5.5 मीट्रिक टन खाद्य तेल चोरी किया गया, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है। चोरी के बाद तेल को डिब्बों में पैक कर ट्रकों के माध्यम से अलग-अलग स्थानों पर भेजा गया था।

पश्चिम बंगाल पुलिस ने रांची पुलिस को जानकारी दी कि इस मामले में पूर्व में गिरोह के कुछ अन्य सदस्यों को बंगाल में गिरफ्तार किया गया था। उनसे पूछताछ के दौरान रांची में गिरोह के सदस्यों की मौजूदगी और यहां चोरी का तेल भेजे जाने का सुराग मिला था। इसी गुप्त सूचना के आधार पर चान्हो थाना क्षेत्र में यह संयुक्त कार्रवाई की गई।

​फिलहाल, हिरासत में लिए गए युवक से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस पूरे मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका और चोरी के तेल की आपूर्ति से जुड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।