रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ महारैली की तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को रांची में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि रैली की सफलता के लिए राज्य के सभी जिलों में व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। जिला प्रभारी और वरिष्ठ नेता ज़मीन पर उतरकर कार्यकर्ताओं व आम जनता से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं।
संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार और संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए।
केशव महतो कमलेश ने कहा कि देश में लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकारों को लगातार कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं का इस्तेमाल सत्तारूढ़ भाजपा के राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए हो रहा है। उन्होंने बिहार और पश्चिम बंगाल में कथित तौर पर मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाने का मुद्दा भी उठाया और स्पष्ट किया कि कांग्रेस नागरिकों के मताधिकार पर किसी भी हमले का पुरजोर विरोध करेगी।
कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने चुनाव आयोग और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया का इस्तेमाल मतदाताओं के नाम काटने के लिए किया जा रहा है।
प्रदीप यादव ने महाराष्ट्र का उदाहरण देते हुए कहा कि 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बीच महज छह महीने के भीतर 39 लाख नए मतदाता कैसे जुड़ गए? उन्होंने फॉर्म-6 के प्रारूप में बदलाव का दावा करते हुए कहा कि इसे चार पेज से बढ़ाकर आठ पेज का कर दिया गया है, जिसका उल्लेख चुनाव आयोग ने अदालत में दिए अपने हलफनामे में भी किया है।
प्रदीप यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त की चयन प्रक्रिया में बदलाव को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले चयन समिति में प्रधानमंत्री, लोकसभा में विपक्ष के नेता और सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश शामिल होते थे, लेकिन अब मुख्य न्यायाधीश की जगह केंद्रीय कैबिनेट मंत्री को शामिल कर लिया गया है। इसके अलावा, उन्होंने चुनाव आयुक्तों को दिए गए कानूनी संरक्षण के प्रावधानों पर भी आपत्ति जताई।
केशव महतो कमलेश ने दावा किया कि दिल्ली में हालिया राजनीतिक गतिविधियों के दौरान इस आंदोलन की झलक दिख चुकी है और 1 नवंबर को रामलीला मैदान में देश भर से ऐतिहासिक भीड़ जुटेगी।
इस संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, सोनाल शांति, उज्ज्वल तिवारी, अख्तर अली और राजन वर्मा सहित कई प्रमुख नेता मौजूद थे।
