गोला (रामगढ़)। झारखंड की बेटियां खेल के मैदान में लगातार अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। इसी कड़ी में रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, मुरपा की चार छात्राएं राष्ट्रीय स्तर की स्कूली खेल प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी। छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत आयोजित 70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता 2026–27 के तहत विद्यालय की चार छात्राएं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। कुश्ती प्रतियोगिता में संजना कुमारी, रानी कुमारी, अदिति कुमारी एवं रिंकी कुमारी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी। वहीं, जूडो प्रतियोगिता में भी विद्यालय की छात्राएं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए तैयार हैं। प्रतियोगिता का आयोजन 26 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक दिल्ली में किया जा रहा है।
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना होने से पहले विद्यालय परिसर में छात्राओं को शुभकामनाएं दी गईं। विद्यालय की वार्डेन सुनीता लकड़ा सहित सभी शिक्षिकाओं ने छात्राओं के माथे पर तिलक लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए आशीर्वाद दिया। इस दौरान शिक्षिकाओं ने छात्राओं को आत्मविश्वास, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय परिवार को उम्मीद है कि ये छात्राएं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड राज्य का नाम रोशन करेंगी। छात्राओं की इस उपलब्धि ने यह साबित किया है कि उचित मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प के बल पर ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।
विद्यालय परिवार ने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि छात्राएं अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर सफलता हासिल करेंगी तथा अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगी।
