हजारीबाग। शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एकमात्र फॉरेंसिक पैथोलॉजिस्ट के इस्तीफे के बाद पोस्टमार्टम के लिए शवों को रिम्स (रांची) भेजने की समस्या उत्पन्न हो गई थी। मृतक के परिजनों द्वारा मामला सांसद मनीष जायसवाल तक पहुँचाए जाने पर, उनके निर्देश पर मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने शासन-प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के समक्ष इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया।
लगभग 100 किलोमीटर दूर रांची शव ले जाने से परिजनों पर पड़ने वाले आर्थिक और मानसिक बोझ का हवाला देते हुए वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की गई। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 27 अक्टूबर को 9 चिकित्सकों का ड्यूटी रोस्टर जारी कर दिया है, जिससे हजारीबाग में ही पोस्टमार्टम की सुविधा सुचारू हो गई है। सांसद ने क्षेत्र की महत्ता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग से जल्द से जल्द एक स्थायी फॉरेंसिक पैथोलॉजिस्ट की नियुक्ति करने की भी माँग की है।
