देवघर। जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के बरमोरिया गांव स्थित एक सुनसान घर से मंगलवार को 17 वर्षीय बबलू यादव का शव फंदे से लटका मिला है। मृतक मूल रूप से दुधनिया गांव निवासी योगेंद्र यादव का पुत्र था। परिजनों के अनुसार, बबलू सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए स्टेडियम जाने की बात कहकर घर से निकला था। घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। सुबह करीब 9:30 से 10 बजे के बीच बरमोरिया गांव के एक सुनसान घर में उसका शव मिलने की जानकारी परिजनों को मिली। सूचना पर कुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक के बड़े भाई दीपक कुमार यादव ने हत्या कर शव को फंदे से लटकाने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि जिस गमछे से शव लटका मिला, वह बबलू का नहीं था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। खबर लिखे जाने तक परिजनों ने थाने में लिखित शिकायत नहीं दी थी।