उरीमारी (हजारीबाग)। जिला के उरीमारी ओपी क्षेत्र के पोटंगा स्थित सैनिक कंपनी के गेट के पास सोमवार की मध्यरात्रि हुई फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई। गोलीबारी में कंपनी का एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है। घटनास्थल से पुलिस ने सात खोखा बरामद किया है। वहीं अपरािधयों ने चार धमकी भरे पर्चे छोड़कर फरार हो गएं। पर्चों में स्पेशल प्रोजेक्ट ऑफिसर के कार्यालय और घर को अगला निशाना बनाने की धमकी दी गई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू की गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, राहुल दुबे गिरोह से जुड़े तीन अपराधियों ने सोमवार की रात करीब 12 बजे सैनिक कंपनी के गेट पर फायरिंग की। इस दौरान गोली लगने से कंपनी का सुरक्षा गार्ड घायल हो गया। घटनास्थल पर मिले चार पर्चों में स्पेशल प्रोजेक्ट ऑफिसर के कार्यालय और घर को अगला निशाना बनाने की धमकी दी गई है। पर्चों में मौजूदा घटना को चेतावनी बताते हुए भविष्य में कार्यालय और घर को निशाना बनाने की बात कही गई है।

इसके अलावा सोनाराम मांझी और संजय करमाली के साथ मिलकर न्यू बरसा साइडिंग तथा बरका-सयाल क्षेत्र में काम करने को लेकर आपत्ति जताई गई है। पर्चों के माध्यम से गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई है।

पुलिस ने घटनास्थल से सात खोखा बरामद किया है। थाना प्रभारी रथू उरांव के नेतृत्व में मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल पर मिले पर्चों की पड़ताल करने के साथ फायरिंग में शामिल अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

पुलिस घटना के पीछे के कारणों का भी पता लगा रही है। मध्यरात्रि में कंपनी के गेट पर हुई इस गोलीबारी और धमकी भरे पर्चों के मिलने से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।