हज़ारीबाग। लोक आस्था के महापर्व छठ के मद्देनजर उपायुक्त हेमंत सती ने मंगलवार को शहरी क्षेत्र के हुडहुडू अंतर्गत विभिन्न तालाबों एवं जलाशयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छठ घाटों की स्थिति, नागरिक सुविधाओं, सफाई व्यवस्था और जलाशयों के आसपास हो रहे अतिक्रमण का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उप महापौर अविनाश कुमार भी उनके साथ मौजूद रहे।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने जोड़ा तालाब और लंबा तालाब के किनारे बने कई मकानों एवं चहारदीवारियों का अवलोकन किया। जलाशयों के अस्तित्व पर मंडराते अतिक्रमण के खतरे पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने सदर अंचल अधिकारी को निर्देश दिया कि वे सभी संबंधित मामलों की अविलंब जांच करें और नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा

वार्ड संख्या 34 स्थित तालाब में आसपास के मकानों से गंदा पानी प्रवाहित होने की शिकायत स्थानीय नागरिकों ने उपायुक्त से की। ग्रामीणों व स्थानीय लोगों ने गंदे पानी के बहाव को रोकने और बेहतर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की मांग की। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत आवश्यक तकनीकी पहल कर समस्या का समाधान निकालने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उप महापौर अविनाश कुमार ने लंबा तालाब के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव रखा। इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने मौके पर मौजूद जिला अभियंता को तालाब के चारों ओर पाथ-वे निर्माण, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग), नियमित साफ-सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं के विकास के लिए प्राक्कलन तैयार करने का आदेश दिया।

उपायुक्त हेमंत सती ने कहा कि शहरी क्षेत्र के तालाबों और प्राकृतिक जलाशयों को बचाना प्रशासन की मुख्य प्राथमिकता है। छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए सभी घाटों की सफाई और सुरक्षा व्यवस्था समय रहते पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को आपस में बेहतर समन्वय बनाकर त्वरित व प्रभावी कार्रवाई करने की हिदायत दी।