देवघर। साइबर ठगों के खिलाफ देवघर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है और सारठ इलाके से 11 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 12 मोबाइल और 14 सिम कार्ड बरामद हुए हैं। तकनीकी जांच के उपरांत पकड़ाए अभियुक्तों के पास से जब्त मोबाइल नम्बर एवं आईएमईआई नंबरों के विरूद्ध विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी के शिकायतें दर्ज पाई गई है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के पास से बरामद मोबाइल फोन और सिम की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में संलिप्तता पाई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में शरीफ अंसारी, रिंकु अंसारी, नुर मोहम्मद अंसारी (तीनों माथाडंगाल, पालोजोरी), नितिश कुमार मंडल (भिखोडीह, सोनारायठाड़ी), राहुल कुमार महरा (दुधवाजोरी, पथरड्डा), निरंजन दास, मिथुन कुमार दास, सुरज कुमार दास (तीनों पथरा, पाथरोल), राहुल कुमार मंडल (ठेंगाडीह, पाथरोल), बबलू कुमार दास (पिछड़ीबाद डुमरिया, पथरड्डा) और मो. रियाज (बड़ा नवादा, पथरड्डा) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी तीन तरीके से साइबर ठगी करते थे। ठग खुद को गुगल पे, फोन-पे, पेटीएम का कस्टमर केयर पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को कैशबैक का झांसा देकर गोपनीय जानकारी लेते थे और खाते से पैसे उड़ा लेते थे। पीएम किसान योजना, बिजली बिल, आरटीओ चालान का एपीके फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेल लेकर ठगी करते थे। फर्जी एयरटेल पेमेंट बैंक का पदाधिकारी बनकर बनकर उपभोक्ताओं को झांसे में लेकर सहायता के रूप में कार्ड को पुनः चालू कराने के नाम पर ठगी करते थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मो. रियाज और बबलू कुमार आदतन साइबर ठग रहा है। छापेमारी दल में साइबर थाने के इंस्पेक्टर अमर कुमार राम, ललित कुमार खलको, पथरड्डा ओपी प्रभारी मोतीराम देवगम, जमादार बागुन मारगी और पुलिस बल शामिल थे।