रांची। चक्रवात ‘अर्नब’ के कारण मौसम विभाग द्वारा झारखण्ड के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। राँची जिले को ऑरेंज जोन में रखते हुए मूसलाधार बारिश की आशंका जताई गई है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा-34 के तहत राँची जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) और निजी विद्यालयों में कक्षा केजी से 12वीं तक के पठन-पाठन का कार्य 28 और 29 अक्टूबर 2026 को स्थगित कर दिया है।
सभी कोटि के विद्यालयों में शिक्षक-शिक्षिकाएं निर्धारित तिथियों को स्कूल में उपस्थित होकर गैर-शैक्षणिक कार्य निपटाएंगे। सरकारी व सहायता प्राप्त स्कूलों के शिक्षकों के लिए 'ई-विद्यावाहिनी' पर उपस्थिति दर्ज कराना अनिवार्य होगा।
यदि किसी निजी स्कूल में पूर्व से परीक्षा निर्धारित है, तो विद्यालय प्रबंधन उस पर स्वयं निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र है। हालांकि, इसकी लिखित सूचना जिला शिक्षा पदाधिकारी या जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय को देनी होगी।
प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं से मौसम विभाग की चेतावनी पर ध्यान देने, सतर्कता बरतने और जिला प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन करने का अनुरोध किया है।
भारी बारिश और तेज हवाओं का ऑरेंज-येलो अलर्ट जारी
रांची।पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान 'अर्णव' तेज़ी से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, यह चक्रवात आंध्र प्रदेश के तट (बापटला, यानम और विशाखापटनम के बीच) से टकराएगा, जिसके प्रभाव से झारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग के अनुसार झारखंड में 27 अक्टूबर से ही बादलों का जमाव शुरू हो चुका है। तूफान का मुख्य असर 28 अक्टूबर की दोपहर से लेकर 29 अक्टूबर तक राज्य में बना रहेगा। इस दौरान 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चलने की संभावना है।
झारखंड के पश्चिमी इलाकों—गढ़वा, पलामू, लातेहार, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भारी से अत्यंत भारी बारिश की संभावना के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
राजधानी रांची, कोल्हान प्रमंडल, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम ज़िलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है।
संथाल परगना के इलाकों में मध्यम दर्जे की बारिश होगी, यहाँ भारी बारिश का अलर्ट नहीं है।
