देवघर। जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र के मुंडामुंडी गांव में एक कुएं से 18 वर्षीय युवती का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिय़ा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के संबंध में मृतका रसोमनी के पिता बाजू सोरेन ने बताया कि उनकी बेटी इंटरमीडिएट की छात्रा थी और पिछले पांच दिनों से लापता थी। परिजन उसकी लगातार तलाश कर रहे थे। इसी दौरान काफी खोजबीन के बाद गांव के ही एक सुनसान कुएं से उसका शव बरामद हुआ। परिजन मौत का कारण नहीं बता रहे हैं। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।