खूंटी। अड़की थाना क्षेत्र के बारूहातू गांव निवासी 19 वर्षीय सीनिता सरूकद की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार को उसका शव मुरहू थाना क्षेत्र के पंगुरा गांव के जंगल से बरामद किया गया। मृतका करीब आठ माह की गर्भवती थी, और पोस्टमार्टम के दौरान उसके गर्भ से एक मृत शिशु भी निकला।
सीनिता का पंगुरा गांव निवासी 20 वर्षीय सागर ओड़ेया के साथ दो वर्षों से प्रेम संबंध था। गर्भवती होने के बाद सीनिता उस पर साथ रखने का दबाव बना रही थी, लेकिन सागर ने दूरी बना ली और ढुकू प्रथा के तहत दूसरी युवती को अपने घर ले आया।
दूसरी युवती की जानकारी मिलने पर सीनिता 2 सितंबर को सागर के घर पहुंची थी, जिसके बाद 4 सितंबर से वह रहस्यमय तरीके से लापता हो गई।6 सितंबर को पुलिस ने पंगुरा के जंगल से सीनिता का दो से तीन दिन पुराना शव बरामद किया।
घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग पहुंचे और प्रेमी सागर ओड़ेया पर हत्या का आरोप लगाते हुए उसकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। पुलिस के निष्पक्ष कार्रवाई और त्वरित जांच के आश्वासन के बाद ही शव को उठाने दिया गया।
पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
