रांची। रांची जिला क्रिकेट संघ के प्रतिभाशाली खिलाड़ी आल राउंडर ईशान ओम का चयन इंडिया अंडर-19 क्रिकेट टीम में हो गया है। इस खबर के सामने आते ही रांची जिला क्रिकेट संघ (आरडीसीए) समेत पूरे शहर के खेल प्रेमियों में हर्ष और गौरव का माहौल है।
ईशान ओम ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से रांची जिला क्रिकेट संघ के सभी पदाधिकारी, सदस्य, प्रशिक्षक, स्थानीय क्लब और खिलाड़ी बेहद गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
रांची जिला क्रिकेट संघ के सचिव ने ईशान ओम को बधाई देते हुए कहा कि ईशान का इंडिया अंडर-19 टीम में चयन रांची के उभरते युवा क्रिकेटरों के लिए बेहद प्रेरणादायक है। हमें पूरा विश्वास है कि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने उत्कृष्ट खेल से रांची और झारखंड का नाम रोशन करेंगे। पिछले कुछ समय से स्थानीय मैचों में उनका प्रदर्शन काफी अच्छा रहा था।
संघ के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष समेत सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने ईशान के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ढेरों शुभकामनाएं दी हैं।
