मेदिनीनगर। पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने जिले में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान को लेकर पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न अनुमंडलों के एसडीपीओ, पुलिस इंस्पेक्टर और थाना प्रभारी शामिल हुए। एसपी ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में नक्सलियों की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सतत निगरानी रखने और प्रभावी तरीके से अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने सूचना तंत्र को मजबूत करने और प्राप्त सूचनाओं के आधार पर सतर्कता के साथ कार्रवाई करने पर जोर दिया। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को आपसी समन्वय के साथ सक्रियता से अभियान चलाने का निर्देश दिया, ताकि नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और आम लोगों की सुरक्षा एवं क्षेत्र में शांति कायम रहे। साथ ही लंबित कांडों का समय सीमा के भीतर अनुसंधान पूरा कर लोगों को न्याय दिलाने का निर्देश दिया। बैठक में हुसैनाबाद एसडीपीओ दिव्यांशु शुक्ला, छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार, सदर एसडीपीओ राजेश यादव, लेस्लीगंज-पांकी एसडीपीओ प्रशांत कुमार सहित विभिन्न थानों के प्रभारी मौजूद रहे।