​रांची। 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक नागोया (जापान) में आयोजित होने वाले 20वें एशियन गेम्स 2026 के लिए झारखंड की प्रतिभाशाली साइकिलिस्ट सरिता कुमारी का चयन भारतीय टीम में हुआ है। इस खबर के सामने आते ही राज्य के खेल जगत में खुशी की लहर दौड़ गई है।

​साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव मनिंदर पाल सिंह और झारखंड साइक्लिंग संघ के महासचिव शैलेंद्र पाठक ने संयुक्त रूप से सरिता के चयन की पुष्टि की। उन्होंने इसे झारखंड के लिए बड़े गौरव का क्षण बताया। अधिकारियों के अनुसार, सरिता के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतरीन प्रदर्शन, कड़ी मेहनत और अनुशासन के बदौलत ही उन्हें इस प्रतिष्ठित मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है।

​सरिता की इस शानदार उपलब्धि पर राजमहल सांसद विजय हांसदा, खेल सचिव मुकेश कुमार और खेल निदेशक छवि रंजन सहित कई खेल हस्तियों ने उन्हें बधाई दी। सभी ने उम्मीद जताई है कि सरिता एशियन गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और झारखंड का मान बढ़ाएंगी।