रांची। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की पहल पर झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, रांची में दो चरणों में आयोजित क्रिकेट प्रशिक्षक प्रशिक्षण कोर्स सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इसमें राज्य के सभी 24 जिलों से कुल 96 शारीरिक शिक्षा शिक्षकों ने भाग लिया। समापन समारोह में परियोजना निदेशक शशि रंजन ने कहा कि प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान और कौशल का उपयोग विद्यालयों में क्रिकेट प्रतिभाओं को तैयार करने में करें। उन्होंने विशेष रूप से महिला क्रिकेट पर ध्यान देने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों, पीएम श्री विद्यालयों एवं मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों में प्रतिभाओं की अपार संभावनाएं हैं। उचित प्रशिक्षण और अवसर मिलने पर ये खिलाड़ी राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि दिसंबर माह में अंतर मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित करने की योजना है। गौरतलब है कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बैटिंग, बॉलिंग, फील्डिंग, रनिंग बिटवीन द विकेट, विकेटकीपिंग, कप्तानी एवं क्रिकेट के 42 नियमों की सैद्धांतिक और प्रायोगिक जानकारी दी गई। इस प्रशिक्षण में अनिसुर रहमान (NIS क्रिकेट प्रशिक्षक), श्री सौमित्र पटनायक (बीसीसीआई लेवल-1 क्रिकेट प्रशिक्षक सह अंपायर), चंचल भट्टाचार्य (वरिष्ठ क्रिकेट प्रशिक्षक), मानिक चंद्र घोष (बीसीसीआई लेवल-1 क्रिकेट कोच), अजय कुकरेती (वरिष्ठ अंपायर सह क्रिकेट प्रशिक्षक) एवं चंद्रदेव सिंह (क्रिकेट प्रशिक्षक सह सीनियर वीडियो एनालिस्ट, बीसीसीआई) ने प्रशिक्षण प्रदान किया।