बोकारो। सेक्टर-6 डेली मार्केट मोड़ पर रविवार सुबह करीब 6:45 बजे फुटपाथ की दुकानों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आठ दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की शुरुआत प्रसाद होटल से हुई। धुआं निकलता देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी। करीब 10-15 मिनट में झारखंड सरकार की दो और बीएसएल की एक दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से आग को अन्य दुकानों तक फैलने से रोका गया। एहतियात के तौर पर दुकानों में रखे गैस सिलेंडरों को भी बाहर निकाल लिया गया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। दुकानदार नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं।
आज खास
विशेष
