​रांची।भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और 'जनजातीय गौरव दिवस' के उपलक्ष्य में प्रदेश भाजपा द्वारा व्यापक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत 13 से 15 नवंबर तक भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू (खूंटी) से उनके समाधि स्थल कोकर (रांची) तक लगभग 73 किलोमीटर लंबी तीन दिवसीय पदयात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद 17 से 20 नवंबर तक राज्य के विभिन्न प्रमंडलों में जनजातीय गौरव सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा।

​भाजपा एसटी मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद समीर उरांव ने प्रेस वार्ता के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में 11 से 18 नवंबर तक देशभर में 'राष्ट्रीय जनजातीय गौरव पखवाड़ा/सप्ताह' मनाया जा रहा है।

​तीन दिवसीय पदयात्रा के पहले दिन

​13 नवंबर को पदयात्रा का शुभारंभ सुबह 10 बजे उलिहातू (अड़की मंडल) से होगा। सायको मोड़ और झीलकिता मोड़ होते हुए यात्रा खूँटी पहुंचेगी। शाम 6 बजे खूँटी स्थित भाजपा कार्यालय में रात्रि विश्राम होगा।

दूसरे दिन ​14 नवंबर को सुबह 10 बजे खूँटी से शुरू होकर पदयात्रा कालामाटी, तुपुदाना चौक, हटिया चौक, बिरसा चौक और अल्बर्ट एक्का चौक (फिरायालाल) होते हुए शाम 6 बजे बिरसा मुंडा संग्रहालय (जेल चौक, रांची) पहुंचेगी।

​15 नवंबर को सुबह 9 बजे जेल चौक से पदयात्रा प्रारंभ होगी। सुबह 11 बजे कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ यात्रा का समापन होगा।

प्रदेश के विभिन्न प्रमंडलों में जनजातीय गौरव सम्मेलन आयोजित होंगे।17 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल सिसई रेडवा बगीचा एवं रायडीह (गुमला) में कार्यक्रम आयोजित होंगे।

18 नवंबर को संथाल परगना प्रमंडल में भोगनाडीह (साहेबगंज) में सम्मेलन आयोजित होगा। 18 नवंबर को कोल्हान प्रमंडल का चाईबासा में सम्मेलन आयोजित होगा। 19 नवंबर को पलामू प्रमंडल में दूबियाखार, मेदिनीराय चौक में सम्मेलन आयोजित होगा। 19 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के सिलागाई में सम्मेलन आयोजित होगा। 20 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल का चिंगरी, विशुनपुर (गुमला) में सम्मेलन आयोजित होगा।

समीर उरांव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के शोषण और अत्याचार के विरुद्ध ऐतिहासिक उलगुलान का नेतृत्व किया। उन्होंने जनजातीय समाज को संगठित कर जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उनका नारा ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’ आज भी स्वाभिमान और अधिकारों की प्रेरणा देता है।