रामगढ़। जिले के भुरकुंडा थाना क्षेत्र के जवाहरनगर हुरुमगढ़ा इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां शादी के महज तीन महीने बाद एक नवविवाहिता के घर में घुसकर एक युवक उसे अपने साथ लेकर फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित पति ने भुरकुंडा ओपी में शिकायत दर्ज कराते हुए पत्नी की सकुशल बरामदगी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, पतरातू थाना क्षेत्र के भुरकुंडा निवासी उपेंद्र लाल (24 वर्ष) ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि उसकी शादी अप्रैल 2026 में हुई थी। 28 जुलाई 2026 की दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच जब घर के आसपास सन्नाटा था, तभी रांची के कांके थाना क्षेत्र के होशिर गांव निवासी कैफ अंसारी पिता नेशार अंसारी सफेद रंग की स्विफ्ट कार से उनके घर पहुंचा।

आरोप है कि कैफ अंसारी शादी करने की नीयत से उनकी 20 वर्षीय पत्नी तन्नु कुमारी को अपने साथ लेकर फरार हो गया। घटना के बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चल सका।

पीड़ित पति का कहना है कि आरोपी युवक उसकी पत्नी के मायके कांके क्षेत्र का रहने वाला है। मामले की जानकारी पुलिस को देते हुए दोनों के मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए गए हैं, जिसके आधार पर पुलिस लोकेशन की जांच कर रही है।

पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और नवविवाहिता की बरामदगी के लिए जांच शुरू कर दी है। पुलिस सर्विलांस टीम की मदद से मोबाइल लोकेशन ट्रैक करने में जुटी है। अब पुलिस की कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट होगा कि आरोपी और महिला को कब तक बरामद किया जा सकेगा।