रांची। रांची नगर निगम क्षेत्र में संचालित हॉस्टल, लॉज और कोचिंग संस्थानों पर शिकंजा कसते हुए निगम ने नियमों की अनदेखी करने वाले 10 संस्थानों को अंतिम नोटिस जारी किया है। इन संस्थानों को 24 घंटे के भीतर अपना संचालन बंद करने और स्वीकृत भवन प्लान समेत सभी जरूरी वैधानिक दस्तावेज जमा करने का निर्देश दिया गया है।

निगम के अनुसार इन संस्थानों को पहले भी नोटिस देकर नियमों का पालन करने और दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया था, लेकिन इन्होंने निर्देशों की अनदेखी की। इसके अलावा, जिन संस्थानों ने जवाब दिया था, उनका जवाब भी संतोषजनक नहीं पाया गया। निगम ने कैटलिस्ट आइएएस एकेडमी (कचहरी रोड),आरसी फिजिकल एकेडमी (हातमा),लक्ष्य डिफेंस एकेडमी (बिरसा कॉलोनी),प्रकाश कैरियर फाउंडेशन (सर्कुलर रोड),आरसी डिफेंस एकेडमी,योद्धा डिफेंस एकेडमी (ईस्ट जेल रोड),श्योर सक्सेस सेंटर (लालपुर), किरण एकेडमी (ईस्ट जेल रोड),कमांडो फिजिकल एकेडमी (हातमा) और आरसी फिजिकल एकेडमी (बिरसा नगर) को नोटिस दिया है। तय समय-सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब या दस्तावेज नहीं मिलने पर रांची नगर निगम द्वारा इन सभी संबंधित भवनों को सील करने की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।