बोकारो। जिले के माराफारी थाना क्षेत्र के कर्नल मार्केट स्थित रांची मोहल्ले में शनिवार को एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। खेल-खेल में लापरवाही की वजह से साढ़े तीन वर्षीय मासूम साहिल कुमार की गोली लगने से मौत हो गई।
आरोप है कि बच्चे के मामा राजेश कुमार ने खेल-खेल में उसे एक असली हथियार थमा दिया था। इसी दौरान अचानक ट्रिगर दब गया और गोली सीधे बच्चे के सिर में जा लगी। गोली लगने और अत्यधिक खून बह जाने के कारण मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। माराफारी थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार से गोली किन परिस्थितियों में चली। इसके साथ ही, यह हथियार लाइसेंसी था या गैर-लाइसेंसी, इसकी भी जांच की जा रही है। घटना के बाद से आरोपी मामा फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
