गढ़वा। जिले में अवैध बालू के खिलाफ जिला प्रशासन का अभियान चौथे दिन भी जारी रहा। शनिवार को धुरकी थाना क्षेत्र की अंबाखोरिया पंचायत के कुशमाहा घाट के पास वन भूमि पर किए गए अवैध बालू भंडारण पर बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 500 डंपर बालू जब्त किया गया।
उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर मिर्धा और जिला खनन पदाधिकारी राजेंद्र उरांव के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने धुरकी थाना पुलिस के साथ यह छापेमारी की। जांच के दौरान कनहर नदी के किनारे वन भूमि पर बड़े पैमाने पर बालू का अवैध भंडारण पाया गया।
प्रशासन अब बालू का अवैध भंडारण करने वाले कारोबारियों की शिनाख्त करने में जुटा है। पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
