बोकारो। माराफारी थाना क्षेत्र के बोकारो नाथ धाम शिव मंदिर के पास शनिवार को बाइक सवार दो अपराधियों ने हिताची कंपनी के कर्मी से 21.40 लाख नकद लूट लिए।
पीड़ित कर्मी विजय कुमार नया मोड़ स्थित एक्सिस बैंक से यह रकम लेकर कुर्मीडीह और बालीडीह के एटीएम में लोड करने जा रहे थे। बैंक के लगातार दो दिनों तक बंद रहने के कारण इस बार सामान्य दिनों से अधिक कैश निकाला गया था।
जानकारी के अनुसार पल्सर बाइक पर सवार दो अपराधियों ने कर्मी को रोककर गाली-गलौज और हाथापाई की और बैग में रखे 21,40,000 लूटकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार और माराफारी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संजय कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
