मेदिनीनगर। जिले के नावाजयपुर थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की को शादी की नीयत से बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने नाबालिग को भी सकुशल बरामद कर लिया है।

गत 6 अक्टूबर को आरोपी नाबालिग को बहला-फुसलाकर पुणे ले गया था। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

निर्देश के आलोक में नावाजयपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। तकनीकी सहयोग और अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी सनी कुमार (पिता- जनेश्वर भुईया, ग्राम- कस्बाखाड़, थाना- नावाजयपुर) को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार कर लिया। उसी की निशानदेही पर पुलिस ने वहां छिपाई गई नाबालिग लड़की को भी सकुशल बरामद कर लिया।