जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने धर्मांतरण पर सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले का स्वागत करते हुए इसे हिंदू धर्म के संरक्षण का ऐतिहासिक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि अदालत ने वह कार्य कर दिया जो संसद भी नहीं कर सकी। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार, हिंदू धर्म छोड़कर दूसरे धर्म में जाने वाले या वापस लौटने वाले व्यक्तियों को पूर्व में मिलने वाली सुविधाएं समाप्त हो जाएंगी।
गरबा और डांडिया आयोजनों पर आपत्ति जताते हुए उन्होंने कहा कि इन्हें केवल मनोरंजन का साधन या तमाशा न बनाकर सनातन परंपरा के अनुसार धार्मिक और आध्यात्मिक रूप में ही मनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंदू विरोधी ताकतों द्वारा ऐसे आयोजनों में शामिल होना या कराना गलत है, और प्रशासन को सामाजिक सद्भाव पर इसके असर को लेकर सोचना चाहिए। इसके अलावा, उन्होंने दुर्गा पूजा विसर्जन के दौरान डीजे पर अवांछित गानों के बजाय मां दुर्गा के पारंपरिक गीतों और श्लोकों के उपयोग पर जोर दिया।
