​रांची।निशा भगत की संदिग्ध आत्महत्या मामले में न्याय, आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी और पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) रांची महानगर जिला के तत्वावधान में एक विशाल मशाल जुलूस निकाला गया।

​जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू हुए इस जुलूस का नेतृत्व एसटी मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ आदिवासी नेता समीर उरांव तथा पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर ने किया। कार्यकर्ताओं ने हाथों में जलती मशालें, तख्तियां और पार्टी का झंडा लेकर अल्बर्ट एक्का चौक तक मार्च किया और राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

वरिष्ठ नेता समीर उरांव ने कहा कि निशा भगत सिर्फ एक महिला नहीं, बल्कि आदिवासी समाज के अधिकारों, संस्कृति और जल-जंगल-जमीन की रक्षा करने वाली एक मुखर आवाज थीं। वह धर्मांतरण और जमीन दलालों के खिलाफ लगातार आवाज उठा रही थीं। उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर पहले भी चिंता जताई थी, लेकिन प्रशासन की लापरवाही के कारण यह दुखद घटना घटी। उन्होंने चेतावनी दी कि इस मामले की लीपापोती बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सच्चाई सामने लाने के लिए सीबीआई जांच बेहद जरूरी है।

​

​18 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल बंद का ऐलान

​भाजपा नेताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निशा भगत को न्याय दिलाने और उनकी शिकायतों को नजरअंदाज करने वाले दोषियों पर कार्रवाई के लिए आगामी 18 नवंबर को पूरा दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल बंद कराया जाएगा। जब तक दोषियों को सजा नहीं मिलती, भाजपा का यह संघर्ष जारी रहेगा।

​मशाल जुलूस में अशोक बड़ाईक, पिंकू खोया, रवि मुंडा, रेणु तिर्की, नकुल तिर्की, प्रदीप लकड़ा, सीमा सिंह, सुबोध सिंह गुड्डू, मनोज मिश्रा, सीमा शर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।