मेदिनीनगर। पलामू जिले के रेहला थाना क्षेत्र के रक्साहा गांव में लक्ष्मी पूजा विसर्जन के दौरान हुई हिंसक झड़प और पुलिस बल पर हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस घटना में संलिप्त आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिन्हें जल्द ही न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।
यह पूरी घटना सोमवार शाम की है, जब दो पक्षों के बीच उपजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और मारपीट शुरू हो गई। विवाद की सूचना मिलते ही रेहला थाना पुलिस और विश्रामपुर एसडीपीओ तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया।
लेकिन, कुछ असामाजिक तत्वों के उकसावे पर उग्र भीड़ ने पुलिस टीम पर ही हमला बोल दिया। उपद्रवियों ने पुलिस बल पर जमकर पथराव किया और लाठी-डंडों से हमला किया। इस हिंसक झड़प में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि एक सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। बिगड़ते हालात और पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को देखते हुए स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आत्मरक्षार्थ हवाई फायरिंग करनी पड़ी।
एसपी के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी नामजद उपद्रवियों को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी रक्साहा गांव के ही निवासी हैं, जिनकी पहचान पिंटू कुमार चौधरी,विकास कुमार चौधरी, रोहित कुमार चौधरी,कंचन कुमार चौधरी,विकास चौधरी,धर्मदेव चौधरी ,बिनोद चौधरी और विजय कुमार चौधरी के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और पुलिस पर हमला करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार सभी आठों आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई पूरी कर ली गई है और उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इलाके में स्थिति फिलहाल पूरी तरह नियंत्रण में है और पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
