रांची। झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत एएसडीडी सूची में शामिल ऐसे वोटर जिनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, उन्हें अंतिम मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का एक और मौका मिलेगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 18 नवंबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक 'एक और अवसर कैंप' का आयोजन किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के. रवि कुमार ने इस संबंध में सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों एवं निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। कैंप के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बीएलओ-बीएलए-2 एवं चुनाव पाठशाला की छठी बैठक भी आयोजित की जाएगी। कैंप में एएसडीडी सूची में शामिल ऐसे पात्र मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जो संबंधित मतदान केंद्र के क्षेत्र में सामान्य रूप से निवास कर रहे हैं तथा जिन्होंने अभी तक प्रपत्र-6 नहीं भरा है। ऐसे मतदाताओं के साथ विचार-विमर्श कर उनकी पात्रता का सत्यापन करते हुए उन्हें अंतिम रूप से चिह्नित किया जाएगा। संबंधित ईआरओ द्वारा ऐसे मतदाताओं के लिए गणना प्रपत्र उपलब्ध कराया जाएगा। बीएलओ द्वारा आवश्यक दस्तावेज सहित निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रपत्र एवं घोषणा पत्र प्राप्त किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, सुनवाई एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अपात्र पाए गए व्यक्तियों की नामवार सूची प्रपत्र-3 में सभी मतदान केंद्रों पर प्रकाशित की जाएगी। बीएलओ द्वारा उपस्थित सदस्यों के समक्ष सूची पढ़कर सुनाई जाएगी, ताकि आम नागरिकों एवं राजनीतिक दलों से सुझाव और आपत्तियां प्राप्त की जा सके तथा उनके अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जा सके।