अमित झा
रांची। दीपावली से ठीक एक रात पहले (7 नवंबर) झारखंड की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद से रांची स्थित उनका सरकारी बंगला (F-44) खाली करा लिया गया। बेदखली की इस कार्रवाई के बाद अंबा प्रसाद तो बेघर हो गईं, लेकिन उनका चर्चित और शाही घोड़ा ‘कुबेर’ अब भी उसी बंगले के अस्तबल में बंद है।
फिलहाल, घोड़े की देखभाल केयरटेकर उमेश सिंह के भरोसे चल रही है। हालांकि, कुबेर को सिर्फ खाना-पानी ही मिल पा रहा है। मारवाड़ी नस्ल के इस घोड़े को रोज़ सुबह-शाम दौड़ाने और कसरत कराने की ज़रूरत होती है, जो सुरक्षा कारणों और तालाबंदी के चलते संभव नहीं हो पा रहा है।
भवन निर्माण विभाग ने रांची जिला प्रशासन और कार्यपालक दंडाधिकारी के सहयोग से बंगले पर ताला जड़ दिया है और चाबी अपने पास रख ली है। हालांकि, यह आवास अब तक नए आवंटी, आईजी क्रांति कुमार गडिदेशी को नहीं सौंपा जा सका है। विभाग की लाचारी यह है कि जब तक घोड़े और अंदर रखे बाकी सामान को बाहर नहीं निकाला जाता, तब तक हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकती। इसके लिए विभाग एक बार फिर जिला प्रशासन से मदद मांगने की तैयारी में है।
यह घोड़ा अंबा प्रसाद को मार्च 2021 में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित सेवानिवृत्त कर्नल रवि राठौड़ ने उपहार स्वरूप दिया था। तब से ही कुबेर रांची के धुर्वा स्थित इसी सरकारी आवास परिसर के अस्तबल में रह रहा है। बंगले पर ताला लगने के बाद अंबा प्रसाद ने गेट के बाहर ही धरना देकर दीपावली मनाने की ज़िद भी की थी।
ओबीसी मोर्चा ने उठाए सवाल
इस पूरी कार्रवाई पर राजनीतिक घमासान भी शुरू हो गया है। राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता ने सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायकों, पूर्व मंत्रियों और पूर्व प्रशासनिक अधिकारियों के लिए नियम अलग और अंबा प्रसाद के लिए अलग क्यों हैं? क्या अंबा प्रसाद का महिला होना और ओबीसी समुदाय से आना ही उन्हें निशाना बनाए जाने की वजह है? उन्होंने मांग की कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर इस आवास को खाली कराने में इतनी जल्दबाजी क्यों दिखाई गई।
