हजारीबाग। हजारीबाग नगर निगम द्वारा नगर क्षेत्र में अवैध निर्माण एवं बिना स्वीकृत भवन नक्शे के किए जा रहे निर्माण कार्यों के विरुद्ध सख्ती बरतते हुए विभिन्न स्थलों का औचक निरीक्षण किया गया। नगर आयुक्त श्री ओम प्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा शहर के विभिन्न निर्माण स्थलों की जांच की गई।
इस दौरान फातिमा एनक्लेव, आयात एनक्लेव, अल-हम्द, एमआरएफ टायर शोरूम , आयशा मजेस्टिक, आरोग्यम हॉस्पिटल (डिस्ट्रिक्ट मोड़ के समीप), प्रिंस होटल, वेल्स ग्राउंड के समीप अपार्टमेंट, तथा जनता गैराज सहित विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में संबंधित भवनों एवं परिसरों के निर्माण की वैधानिक स्थिति, स्वीकृत भवन नक्शे तथा निर्माण संबंधी नियमों के अनुपालन की जांच की गई। जिन स्थलों पर निर्माण कार्य से संबंधित स्वीकृत नक्शा प्रस्तुत नहीं किया गया, वहां संबंधित भवन मालिकों एवं संचालकों से आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया। साथ ही, नक्शा प्रस्तुत नहीं करने वाले संबंधित व्यक्तियों एवं परिसरों को नियमानुसार नोटिस निर्गत करने तथा अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया।
नगर निगम द्वारा स्पष्ट किया गया कि शहरी क्षेत्र में भवन निर्माण निर्धारित नियमों एवं स्वीकृत नक्शे के अनुरूप ही किया जाना अनिवार्य है। बिना स्वीकृति अथवा निर्धारित मानकों का उल्लंघन कर किए जा रहे निर्माण को गंभीरता से लिया जाएगा तथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अवैध निर्माण के विरुद्ध इस प्रकार का निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त श्री ओम प्रकाश गुप्ता के साथ सहायक नगर आयुक्त श्री अनिल पाण्डेय , सहायक नगर निवेशक श्रीमति अंजुल भट्ट, कनीय अभियंता श्री रोशन कुमार एवं अमीन श्री मुकेश सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
