रामगढ़। जिला अंतर्गत कुंदरूकला नवाडीह में बरदखूंटा सह सोहराय मेला समिति के तत्वावधान में पारंपरिक बरदखूंटा सह सोहराय मेले का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डुमरी विधायक सह झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के सुप्रीमो डॉ. जयराम कुमार महतो शामिल हुए। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डॉ. जयराम कुमार महतो ने कहा कि सोहराय पर्व झारखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरा और पहचान का महत्वपूर्ण प्रतीक है। यह पर्व विशेष रूप से पशुधन और कृषि संस्कृति से जुड़ा हुआ है। फसल कटाई के बाद पशुधन के सम्मान, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता तथा सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना के साथ इसे मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि सोहराय केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि झारखंड की पहचान, अस्मिता, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। हमारी संस्कृति ही हमारी पहचान है। ऐसे पारंपरिक पर्वों और मेलों के माध्यम से हम अपनी लोकसंस्कृति, रीति-रिवाजों और परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाते हैं। इसलिए अपनी सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षित एवं संवर्धित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आगे कहा कि हमारी संस्कृति, हमारी पहचान है और सोहराय पर्व झारखंड की शान है। इस अवसर पर आयोजन समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ JLKM के केंद्रीय, जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारी तथा हजारों की संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में पारंपरिक संस्कृति, सामाजिक एकता और उत्साह का माहौल देखने को मिला।