​रांची। मंगलवार को चित्रगुप्त पूजा के पावन अवसर पर राजधानी रांची में कायस्थ समाज पूरी तरह भक्ति-भाव में डूबा नजर आया। शहर के बिहार क्लब सहित तीन दर्जन से अधिक स्थानों पर भगवान चित्रगुप्त की विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठान और शाम को महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।

​बिहार क्लब में ‘झारखंड राज्य चित्रगुप्त महापरिवार केंद्रीय पूजा समिति’ की ओर से मुख्य पूजा का आयोजन किया गया। पंडित सुभाष पाठक ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा संपन्न कराई।

​इस अवसर पर समिति के डॉ. अजीत कुमार सहाय, सुदेश कुमार, अभिषेक सहाय, संजय कुमार गोपू, और डॉ. राजेश कुमार लाल समेत कई गणमान्य लोग सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। पूजा के पश्चात दिनभर भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।

​कार्यक्रम के दौरान डॉ. अजीत सहाय ने बताया कि कायस्थ समाज भगवान चित्रगुप्त को ‘न्याय के देवता’ के रूप में पूजता है, जो हमारे इष्ट देव भी हैं। पीढ़ी-दर-पीढ़ी कायस्थ समाज इस सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को संजोए हुए है।

​उन्होंने बताया कि इस दो दिवसीय उत्सव के तहत बुधवार (11 नवंबर) की सुबह 10 बजे हवन का कार्यक्रम होगा। इसके पश्चात दोपहर 12 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी और लाइन तालाब में प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।

​समारोह में शामिल सुरेश कुमार ने बताया कि चित्रगुप्त पूजा के दिन कलम, दवात और बहीखाते की विशेष पूजा का विधान है। कायस्थ समाज के लोग अपनी लेखनी और कामकाज में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को पूजा में अर्पित करते हैं।

​ऐसी मान्यता है कि भगवान चित्रगुप्त की आराधना करने से बुद्धि, ज्ञान, विवेक और उत्तम लेखन क्षमता का आशीर्वाद प्राप्त होता है। इस उत्सव के माध्यम से नई पीढ़ी और घर के बच्चे अपनी प्राचीन संस्कृति एवं परंपराओं से भली-भांति परिचित होते हैं।

​इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में कई प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की, जिनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, डॉ. वंदना राय, आलोक कुमार सिन्हा (मुन्ना), और राज्य गौ सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद सहित कई गणमान्य लोग शामिल रहे।