खूंटी। जिले के रनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रनिया-सोदे मुख्य पथ पर बालिका मध्य विद्यालय (तेतारी) के समीप गुरुवार को एक विशालकाय जंगली हाथी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। हाथी का शव सड़क किनारे झाड़ियों में मृत अवस्था में पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हाथी कोयल नदी की ओर से आ रहा था और मुख्य सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान वह सड़क के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के तीन झूलते हुए हाई-टेंशन बिजली तारों की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी जानकारी वन विभाग और पुलिस को दी। सूचना पाकर वन विभाग के अधिकारी और रनिया थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। अधिकारियों की मौजूदगी में मामले की गंभीरता से जाँच की जा रही है।
क्षेत्र में इन दिनों जंगली हाथियों के आतंक से फसलों और घरों की सुरक्षा के लिए कई जगहों पर ग्रामीणों द्वारा भी अनधिकृत रूप से बिजली के तार बिछाए जाने की घटनाएं सामने आती रही हैं। इससे पहले गत 2 नवंबर को इसी प्रकार बिजली की चपेट में आने से एक महिला की भी मौत हो चुकी थी। अब 11 हजार वोल्ट के झूलते हुए बिजली तारों की चपेट में आने से एक बेकसूर वन्यजीव की मौत ने बिजली विभाग की कार्यशैली और तारों के रखरखाव की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल, वन विभाग और पुलिस की संयुक्त जाँच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य सभी तथ्य पूरी तरह स्पष्ट हो सकेंगे।
