जमशेदपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में विधायक मंगल कालिंदी और कार्यपालक पदाधिकारी संदीप पासवान ने शिव-पार्वती छठ घाट तथा महाकालेश्वर छठ घाट का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने घाटों की साफ-सफाई और श्रद्धालुओं के लिए की जा रही मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। विधायक ने मौके पर मौजूद सुपरवाइजरों को सफाई अभियान में तेजी लाने और पूजा से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तय समय से पहले पूरी करने का निर्देश दिया।

छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाट तक आने-जाने में कोई असुविधा न हो, इसके लिए शिव-पार्वती छठ घाट के पहुंच पथ को भी दुरुस्त किया जा रहा है। मार्ग पर सड़क की लेवलिंग का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

विधायक मंगल कालिंदी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि महापर्व की पूर्व संध्या तक दोनों घाटों और आवागमन मार्गों से जुड़ी सभी तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिल सके।