रांची। प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, अगाध आस्था और कठोर अनुशासन का प्रतीक चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ 13 नवंबर (शुक्रवार) से शुरू होने जा रहा है। यह महापर्व मुख्य रूप से बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और देश-विदेश में बसे पूर्वांचल वासियों द्वारा बेहद श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। इस दौरान सूर्य देव और छठी मैया की उपासना कर संतान के सुखी जीवन, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की समृद्धि की कामना की जाती है।
पर्व की शुरुआत कल 'नहाय-खाय' के साथ होगी। इस दिन व्रती नदी या पवित्र जलाशयों में स्नान कर अपने घर और आसपास के परिसर की साफ-सफाई करते हैं। इसके बाद पूरी पवित्रता और सात्विकता के साथ भोजन तैयार किया जाता है। परंपरा के अनुसार इस दिन भोजन में मुख्य रूप से अरवा चावल, चने की दाल और कद्दू (लौकी) की सब्जी बनाई जाती है। इसे ग्रहण करने के साथ ही व्रती कठिन अनुशासन के व्रत में प्रवेश कर जाते हैं।
नहाय-खाय के अगले दिन यानी 14 नवंबर (शनिवार) को 'खरना' का अनुष्ठान होगा। इस दिन व्रती पूरे दिन का उपवास रखते हैं। शाम के समय सूर्य की पूजा के बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद बनाया जाता है। इसे ग्रहण करने के बाद व्रतियों का करीब 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास शुरू हो जाता है, जिसमें जल और अन्न दोनों का त्याग किया जाता है।

तीसरा दिन (15 नवंबर) छठ महापर्व का सबसे मुख्य और केंद्रीय भाग माना जाता है। रविवार को व्रती अपने परिवार के साथ नदी, तालाब या विशेष रूप से बनाए गए छठ घाटों पर पहुंचते हैं। यहां बांस के सूप और दउरा में ठेकुआ, फल, नारियल और अन्य प्रसाद सजाकर डूबते हुए सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाता है।
चौथा दिन 16 नवंबर को महापर्व के अंतिम दिन सोमवार की सुबह उदीयमान (उगते) सूर्य को दूसरा अर्घ्य दिया जाता है। सूर्योदय के समय अर्घ्य देने के बाद व्रती भगवान सूर्य और छठी मैया का आशीर्वाद लेकर पारण करते हैं (व्रत खोलते हैं)। इसी के साथ चार दिनों के इस कठिन अनुष्ठान का समापन होता है।
हिन्दू धर्म में छठ ही एकमात्र ऐसा पर्व है जिसमें केवल मूर्ति पूजा ही नहीं, बल्कि प्रत्यक्ष दिखाई देने वाले देवताओं—भगवान सूर्य और प्रकृति (जल, वायु, अग्नि व पृथ्वी) की पूजा की जाती है। यह पर्व समाज में समानता, स्वच्छता, ऊंच-नीच के भेद से परे हटकर शुद्धता और भाईचारे का संदेश देता है।
छठ महापर्व को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। बाजारों में बांस के सूप, दउरा, मौसमी फल, ईख (गन्ना) और पूजन सामग्रियों की दुकानें सज चुकी हैं। वहीं, व्रतियों की सुविधा के लिए स्थानीय प्रशासन और विभिन्न समितियों द्वारा नदी घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश और गोताखोरों की तैनाती के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि व्रतियों को अर्घ्य देने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
छठ महापर्व को लेकर झारखंड में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 14 जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
रांची।लोक आस्था के महापर्व छठ के शांतिपूर्ण और सुरक्षित आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए झारखंड पुलिस मुख्यालय ने राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा के निर्देश पर आईजी (अभियान) सह पुलिस प्रवक्ता नरेंद्र कुमार सिंह ने राज्य के 14 संवेदनशील जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल, रैपिड एक्शन पुलिस, महिला लाठी बल और अश्रु गैस दस्तों की प्रतिनियुक्ति के आदेश जारी किए हैं।
इन 14 जिलों में रांची, जमशेदपुर, हजारीबाग, लोहरदगा, गिरिडीह, सरायकेला, बोकारो, पलामू, गढ़वा, लातेहार, रामगढ़, देवघर, धनबाद और साहिबगंज शामिल हैं।
जारी आदेश के अनुसार इन सभी जिलों में सुरक्षा बलों की तैनाती 13 नवंबर की सुबह से 16 नवंबर की सुबह तक प्रभावी रहेगी। पर्व की समाप्ति के बाद 16 नवंबर की दोपहर रांची और जमशेदपुर में पूर्व से तैनात बलों को छोड़कर अन्य सभी अतिरिक्त बलों को उनकी मूल वाहिनी या इकाई में वापस लौटाना सुनिश्चित किया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ छठ घाटों की साफ-सफाई, यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन को लेकर भी व्यापक तैयारी की गई है। आईजी नरेंद्र कुमार सिंह ने गुरुवार को बताया कि छठ एक अत्यंत पवित्र पर्व है और इसे शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी जिलों की आवश्यकता के अनुरूप पुलिस बल उपलब्ध करा दिए गए हैं और उपद्रवियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
छठ घाटों पर महिलाओं और युवतियों की बड़ी संख्या को देखते हुए महिला सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस गश्ती बढ़ाने के साथ-साथ छिनतई, चोरी और छेड़खानी जैसी आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए अतिरिक्त जवान तैनात रहेंगे। जरूरत के अनुसार सादे कपड़ों (सिविल ड्रेस) में भी पुलिसकर्मी संदिग्धों की निगरानी करेंगे।
श्री नीम करौली बाबा धाम ट्रस्ट द्वारा 2,100 हनुमान चालीसा का होगा निःशुल्क वितरण
रांची। लोकआस्था एवं सूर्य उपासना के महापर्व छठ के पावन अवसर पर श्री नीम करौली बाबा धाम ट्रस्ट, झारखंड द्वारा धार्मिक एवं आध्यात्मिक चेतना के प्रसार के उद्देश्य से एक विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत राजभवन के निकट स्थित हटनिया तालाब, राँची में श्रद्धालुओं के बीच लगभग 2,100 श्री हनुमान चालीसा की प्रतियाँ निःशुल्क वितरित की जाएँगी। ट्रस्ट की ओर से यह कार्यक्रम 15 नवंबरको प्रथम अर्घ्य तथा 16 नवंबर को प्रातःकालीन अर्घ्य के अवसर पर आयोजित किया जाएगा। इस निमित्त तालाब परिसर में ट्रस्ट की ओर से एक विशेष कैनोपी (स्टॉल) स्थापित की जाएगी, जहाँ श्रद्धालुओं को ससम्मान हनुमान चालीसा भेंट की जाएगी। ट्रस्ट के पदाधिकारियों के अनुसार इस पहल का उद्देश्य छठ महापर्व की पवित्रता एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच भगवान श्री हनुमान की भक्ति, राम नाम के स्मरण तथा सनातन संस्कृति के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना है। हनुमान चालीसा श्रद्धा, साहस, सेवा, समर्पण एवं सकारात्मक जीवन मूल्यों की प्रेरणा प्रदान करती है।
