रामगढ़। जिला के गोला प्रखंड क्षेत्र में जंगली सियार के हमले से छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के साथ सभी को एंटी रेबीज इंजेक्शन दिया। घायलों में एक महिला की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घायलों की पहचान बाबलोंग निवासी सुनीता देवी (28 वर्ष) तथा बीसा निवासी सूरज कुमार मुंडा (31 वर्ष), अंशु कुमारी (14 वर्ष), पदुम देवी (34 वर्ष), मेरचो देवी (41 वर्ष) और बलू महतो (68 वर्ष) के रूप में हुई है। मेरचो देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल रेफर कर दिया। अचानक हुए हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की जानकारी मिलने पर JLKM पार्टी के केंद्रीय महासचिव संतोष कुमार चौधरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला पहुंचे। उन्होंने सभी घायलों से मुलाकात कर उनके इलाज की व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान संतोष कुमार चौधरी ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्र में जंगली जानवरों के हमलों पर रोक लगाने के लिए ठोस सुरक्षा व्यवस्था करने और सभी पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि जंगली जानवरों के हमले की ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया है। वन विभाग को मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभावित इलाकों में आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि ग्रामीण सुरक्षित रह सकें और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।