रांची। रांची नगर निगम द्वारा शहर के सौंदर्गीकरण, पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगातार विभिन्न स्तरों पर कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में निगम की हॉर्टिकल्चर शाखा द्वारा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थलों, सड़कों के किनारे एवं विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर ग्रीन पैच विकसित करने की योजना तैयार की गई है। इस पहल का उद्देश्य शहर के खाली एवं अनुपयोगी स्थानों को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित कर शहरी परिवेश को अधिक स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाना है। वर्तमान योजना के तहत शहर के कुल 24 लोकेशन पर ग्रीन पैच विकसित किए जाने का प्रस्ताव है। इनमें कांके रोड स्थित सीएमपीडीआई से एलपीएन शाहदेव चौक तक 06 अलग-अलग स्थान, मोरहाबादी फुटबॉल स्टेडियम की बाउंड्री बॉल के समीप, भास्कर कॉम्प्लेक्स के सामने, रिम्स की बाउंड्री बॉल के समीप, कोकर स्थित लक्ष्मी टावर के सामने एवं रामलखन सिंह यादव कॉलेज के सामने, प्लाजा चौक में ट्रैफिक बूथ के समीप, लालपुर स्थित इनकम टैक्स कॉलोनी एवं बीआईटी एक्सटेंशन की बाउंड्री बॉल के समीप, न्यूक्लियस मॉल से जेल मोड तक, जेल चौक से जेल पार्क की बाउंड्री बॉल के किनारे, हरमू एमटीएस के समीप, साउथ ऑफिस पाडा में ट्यूलिप गर्ल्स हॉस्टल के सामने, डोरंडा बाजार, कचहरी चौक, करमटोली चौक, बांधगाड़ी चौक के समीप, लोवाडीह स्थित असेंबली ऑफ गॉड चर्च के समीप तथा खेलगांव के आसपास के क्षेत्र शामिल है। प्रस्तावित सभी स्थलों पर ग्रीन पैच विकसित करने के कार्य की कुल लंबाई लगभग 2233 मीटर होगी।