हजारीबाग। जिले के पगार ओपी थाना क्षेत्र से पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से धमकी देने में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य सामान बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार उग्रवादी की पहचान चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र अंतर्गत लेम्बुआ निवासी रोहित साहू (31 वर्ष), पिता रघु साहू के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार पिछले कुछ दिनों से केरेडारी थाना क्षेत्र के कई कोल कारोबारियों को टीएसपीसी के नाम पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा रंगदारी और लेवी की मांग करते हुए लगातार धमकियां दी जा रही थीं। इस मामले को लेकर केरेडारी थाना कांड संख्या 130/26, दिनांक 5 नवंबर 2026 को सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए हजारीबाग पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार बड़कागांव एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 नवंबर 2026 को छापेमारी कर रोहित साहू को दबोच लिया। पुलिस पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने इस कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।